टीकमगढ़ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को व्यापक और संवेदनशील दृष्टिकोण से मजबूत करने के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान को उस समय नई ऊर्जा मिली जब सागर जोन की पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुररेंज श्री विजय खत्री ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के साथ ‘नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा’ महिला पुलिस दल को दिनांक 04 फरवरी 2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

👉 डीआईजी महोदय ने टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान को मध्यप्रदेश में महिला सुरक्षा के क्षेत्र का प्रेरक मॉडल बताते हुए कहा कि यह प्रयास समाज में सम्मान, सुरक्षा और समानता की नई परिभाषा गढ़ने की क्षमता रखता है।

अभियान के प्रभाव और उपलब्धियाँ

समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने अभियान से जुड़े सकारात्मक परिणाम प्रस्तुत करते हुए बताया—

* नीड मिशन के तहत जिले में भ्रूण हत्या के मामलों में 42.85% की गिरावट दर्ज की गई—यह जिले की जागरूकता का महत्वपूर्ण संकेत है।
* परी कार्यक्रम के माध्यम से 55580 बालिकाओं को गुड टच–बैड टच की जानकारी देकर उन्हें आत्मविश्वास और सुरक्षा के बोध से सशक्त किया गया।
* भरोसा प्रशिक्षण योजना में 7180 युवतियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आत्मनिर्भर बनाया गया।
* सहारा पहल के जरिये 192 जरूरतमंद महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई।
* आसरा परियोजना ने 89 बेसहारा महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, जरूरी सामग्री और सामाजिक संबल प्रदान किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट उपस्थिति

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, श्री कैलाश पटेल, तथा कई महिला आरक्षक और जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

भविष्य की दिशा

टीकमगढ़ पुलिस का यह समग्र अभियान निकट भविष्य में जिले को महिला सुरक्षा, संवेदना और जागरूकता के क्षेत्र में एक उदाहरणीय मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content