टीकमगढ़ जिला पुलिस में अपनी दीर्घकालीन, अनुकरणीय और समर्पित सेवाओं के उपलक्ष्य में सहायक उपनिरीक्षक श्री महेश नापित (सेवाकाल 38 वर्ष), श्री तेज सिंह ठाकुर (सेवाकाल 38 वर्ष), प्रधान आरक्षक श्री चरण सिंह राय (सेवाकाल 39 वर्ष), श्री चौदे लाल (सेवाकाल 33 वर्ष) एवं श्री एहसान अली (सेवाकाल 32 वर्ष) का ससम्मान सेवानिवृत्ति समारोह दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, टीकमगढ़ में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं पुलिस मोमेंटो भेंट कर गरिमापूर्ण विदाई दी। श्री मंडलोई ने उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक जीवन की शुभकामनाएँ प्रदान की।

समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, मुख्य लिपिक श्री रामाधार त्रिपाठी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी और स्टाफ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने इस अवसर पर अधिकारियों के कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

समारोह के समापन पर सभी उपस्थितजनोंने पुष्पगुच्छ भेंट कर सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी, जिसमें सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

टीकमगढ़ पुलिस एवं अधिकारी यह संकल्प करते हैं कि जिले की सेवा में योगदान देने वाले इन समर्पित अधिकारियों के आदर्श और पदचिह्न सदैव स्मरणीय रहेंगे और उनके मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर निरंतर उत्कृष्ट सेवा प्रदान की जाएगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content