टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यस्थितियों, कल्याण एवं व्यक्तिगत समस्याओं की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने बैठक में बीमारी, पारिवारिक परिस्थितियों, दुर्घटना और अवकाश से संबंधित मामलों में प्रभावित कर्मचारियों से संवेदनशील और व्यक्तिगत संवाद स्थापित किया। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को ध्यानपूर्वक सुना और प्रशासनिक सहयोग एवं मानवीय सहायता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
विशेष रूप से, एक प्रधान आरक्षक की पारिवारिक समस्या पर पुलिस अधीक्षक ने व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करते हुए उसकी अवकाश अवधि आवश्यकतानुसार बढ़ा दी और परिजन के स्वास्थ्य के लिए उच्च स्तर के उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था सुनिश्चित की। इस मानवीय पहल पर प्रधान आरक्षक ने भावनात्मक रूप से पुलिस अधीक्षक का धन्यवाद किया।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने आगे निर्देश दिए कि लंबित अवकाश आवेदनों, सिक प्रकरणों और अन्य प्रशासनिक मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारी कल्याण पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कर्मचारी को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





