टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 05 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय टीकमगढ़ में जिला मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों, उपलब्धियों एवं प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक शाखा के दायित्वों, लंबित प्रकरणों, निराकृत मामलों एवं प्रचलित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। शाखा प्रभारियों से कार्य निष्पादन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों में गुणवत्ता, दक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
👉 पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनसामान्य से संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति उत्तरदायी रहते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में विभागीय समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने, नियमित अनुश्रवण प्रणाली विकसित करने तथा लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निर्देशित किया गया कि सभी शाखाएँ नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करें, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता एवं जनसेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, एसडीओपी जतारा श्री अभिषेक गौतम, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, यातायात प्रभारी श्री कैलाश पटेल, मुख्य लिपिक श्री रामाधार त्रिपाठी सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
🔷 टीकमगढ़ पुलिस — पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनविश्वास को सशक्त बनाने के लिए सतत प्रतिबद्ध





