टीकमगढ़। बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर अपराधों के बढ़ते जोखिमों से नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक अभियान-2026” के अंतर्गत जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह प्रदेशव्यापी अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक लगातार संचालित होगा, जिसके माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 27 जून 2026 को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिला विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर छात्राओं, महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के बदलते तौर-तरीकों की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, डिजिटल पहचान की सुरक्षा बनाए रखने तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान आवश्यक सावधानियां अपनाने के संबंध में विस्तार से समझाया गया।
इस अवसर पर साइबर बुलिंग, मॉर्फिंग, स्पूफिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी अपडेट, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े जोखिमों की जानकारी सरल भाषा में साझा की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से पहले सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर विश्वास न करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता और समय पर कार्रवाई है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो वह बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। त्वरित सूचना देने से धोखाधड़ी की राशि को सुरक्षित रखने अथवा वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट, सूचना सामग्री एवं जागरूकता संदेश वितरित किए गए। साथ ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन कर नागरिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक नागरिक का डिजिटल रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। थोड़ी-सी सावधानी आर्थिक एवं व्यक्तिगत नुकसान से बचा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
टीकमगढ़ पुलिस आगामी दिनों में भी “सेफ क्लिक अभियान-2026” के माध्यम से जिले के शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सुरक्षित बनाने का अभियान निरंतर जारी रखेगी।
🔷 टीकमगढ़ पुलिस
“सजग नागरिक • सुरक्षित डिजिटल जीवन • साइबर अपराध मुक्त समाज”













