माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव , एवं पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, संवेदनशील पुलिसिंग तथा जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला पुलिस टीकमगढ़ द्वारा निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है।
इसी क्रम में डॉ. हिमानी खन्ना (पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन) एवं श्री विजय खत्री (उप पुलिस महानिरीक्षक, छतरपुर रेंज) के मार्गदर्शन तथा श्री मनोहर सिंह मंडलोई (पुलिस अधीक्षक, टीकमगढ़) के निर्देशन में जिले के वंचित एवं पिछड़े क्षेत्रों में बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
👉 दिनांक 16 फरवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह के सहयोग से महिला सेल द्वारा टीकमगढ़ के कुचबंदिया मोहल्ला क्षेत्र में ग्रामीण स्वावलंबन समिति के समन्वय से 18 दिवसीय “सृजन अभियान” के अंतर्गत लगभग 80 चयनित बालक-बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण (जूडो-कराटे) प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, साहस एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है, जिससे वे किसी भी विषम परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद स्थापित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने, शिक्षा के महत्व को समझने एवं अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही बच्चों को “गुड टच-बैड टच” की महत्वपूर्ण जानकारी संवेदनशील एवं सरल भाषा में दी गई तथा आपातकालीन स्थिति में उपयोग किए जाने वाले पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया।
उक्त अवसर पर कई बच्चों द्वारा भविष्य में पुलिस सेवा में शामिल होने की उत्सुकता व्यक्त की गई। महिला सेल टीम द्वारा उन्हें पुलिस सेवा में भर्ती की प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं एवं शारीरिक मानकों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बच्चों के उत्साह एवं आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को सार्थक एवं प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम में महिला सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा, महिला आरक्षक मानसी तिवारी, जूडो-कराटे प्रशिक्षक काजल रायकवार एवं आकांक्षा राजपूत तथा ग्रामीण स्वावलंबन समिति के सदस्य करण, राजीव एवं अन्य सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे।
जिला पुलिस टीकमगढ़ बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सतत रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।





