मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा डिजिटल पुलिसिंग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पुलिस मुख्यालय से प्राप्त 54 अत्याधुनिक टेबलेट आज दिनांक 01 जुलाई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के विवेचना अधिकारियों को वितरित किए गए।
यह पहल अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, तकनीक आधारित, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब विवेचना अधिकारी घटनास्थल से ही आवश्यक जानकारी संकलित कर डिजिटल माध्यम से तत्काल रिकॉर्ड अपडेट कर सकेंगे, जिससे अनुसंधान की गुणवत्ता और गति दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा।
टेबलेट वितरण से पूर्व जिले के सभी 54 विवेचना अधिकारियों को सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) एवं टेबलेट संचालन का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ई-साक्ष्य संकलन, घटनास्थल पर डिजिटल दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन डेटा एंट्री, प्रकरणों के अद्यतन तथा सीसीटीएनएस के विभिन्न मॉड्यूल के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विवेचना अधिकारियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक प्रभावी पुलिसिंग का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। आधुनिक डिजिटल संसाधनों का दक्षतापूर्वक उपयोग न केवल अपराध अनुसंधान को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाएगा, बल्कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने तथा आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने सभी विवेचना अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे उपलब्ध कराए गए तकनीकी संसाधनों का पूर्ण दक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, सीसीटीएनएस प्रभारी श्री सुनील प्रजापति सहित जिले के विवेचना अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
टीकमगढ़ पुलिस का संकल्प
तकनीक से सशक्त विवेचना — पारदर्शी पुलिसिंग, त्वरित न्याय एवं जनविश्वास की दिशा में निरंतर प्रयास।





