टीकमगढ़। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से नागरिकों को सुरक्षित रखने एवं साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक “सेफ क्लिक अभियान 2.0” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में टीकमगढ़ जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत 30 जून 2026 को जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ साइबर जागरूकता रैलियों का आयोजन किया। साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। आकर्षक प्रस्तुतियों और सहज संवाद के माध्यम से लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक तथा सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के नए तरीकों की जानकारी दी। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश, लिंक अथवा ऑनलाइन लेनदेन पर बिना सत्यापन भरोसा न करें तथा अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा करने से बचें।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान लोगों को बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से भी सूचना दें। पुलिस ने बताया कि समय पर शिकायत दर्ज कराने से साइबर ठगी में हुई आर्थिक क्षति को रोकने अथवा राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

टीकमगढ़ पुलिस द्वारा संचालित यह अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और सतर्कता विकसित करने का व्यापक जनअभियान है। पुलिस लगातार समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर साइबर सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित, जिम्मेदार एवं निर्भय होकर उपयोग कर सके।

👉 पुलिस अधीक्षक का संदेश

पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा—

“साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन पर जल्दबाजी में विश्वास न करें। अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना विलंब 1930 पर सूचना देकर कानूनी सहायता प्राप्त करें। आपकी सजगता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

टीकमगढ़ पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content