जिला टीकमगढ़ में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक मानवीय और संवेदनशील बनाने की दिशा में SP श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा एक अभिनव पहल “चाय पर चर्चा” प्रारंभ की गई है। इस पहल का उद्देश्य पुलिस बल के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनके मनोबल को सुदृढ़ करना, साथ ही उनकी वित्तीय एवं पारिवारिक समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास करना है।
इस पहल के अंतर्गत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अनौपचारिक वातावरण में एकत्र होकर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। संवाद के इस माध्यम से न केवल वे एक-दूसरे के भावनात्मक एवं मनोवैज्ञानिक पक्ष को समझ पा रहे हैं, बल्कि सुख-दुख में सहभागी बनकर एक सशक्त टीम भावना का निर्माण भी हो रहा है। साथ ही, पुलिस कल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी का आदान-प्रदान भी प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 21 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली,दिगोड़ा एवं देहात में थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने स्टाफ के साथ बैठकर चाय पर चर्चा का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों की पारिवारिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान हेतु प्रयास किए गए। साथ ही, जिन मुद्दों के निराकरण के लिए उच्च स्तर की आवश्यकता है, उन्हें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
👉 SP श्री मनोहर सिंह मंडलोई इस नवाचार के अंतर्गत प्राप्त फीडबैक पर सतत नजर बनाए हुए हैं तथा इसके सकारात्मक प्रभावों की नियमित समीक्षा भी करेंगे। उनका उद्देश्य है कि यह पहल पुलिस बल के बीच विश्वास, सहयोग और संवेदनशीलता को और अधिक मजबूत करे, जिससे कार्यक्षमता और जनसेवा दोनों में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हो सकें।





