टीकमगढ़, 22 जून 2026। कलेक्ट्रेट सभागार, टीकमगढ़ में आज केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार द्वारा टीकमगढ़ पुलिस एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तैयार की गई नशामुक्ति पर आधारित जागरूकता पुस्तक का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई, कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीया, जनप्रतिनिधिगण एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्तियों से दूर रखकर सकारात्मक एवं लक्ष्य आधारित जीवन की ओर प्रेरित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी एवं सतत जागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम चौपालों एवं विभिन्न सामाजिक मंचों पर कार्यशालाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों, उससे बचाव के उपायों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही नागरिकों को नशामुक्त समाज निर्माण हेतु सामूहिक शपथ भी दिलाई जा रही है।
अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक लगभग 480 कार्यक्रम एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से लगभग 82 हजार विद्यार्थियों एवं नागरिकों को जागरूक किया गया है। यह अभियान निरंतर जारी है।
विमोचित पुस्तक में बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया है। पुस्तक को सरल, प्रेरणादायक एवं व्यवहारिक स्वरूप में तैयार किया गया है ताकि यह विद्यार्थियों और युवाओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो सके।
टीकमगढ़ पुलिस एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जा रहे सेमिनारों एवं कार्यशालाओं का उद्देश्य भारत सरकार के वर्ष 2028 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में प्रभावी योगदान देना है।
इस अवसर पर विधायक टीकमगढ़ श्री यादवेंद्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री नवनीत धुर्वे, एसडीएम श्रीमती संस्कृति लिटोरिया, श्री विवेक चतुर्वेदी, श्री अनुराग वर्मा, जिले के जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





