जिला टीकमगढ़ पुलिस द्वारा दिनांक 28 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन परिसर में नगर एवं ग्राम रक्षा समिति (एनआरएस) के सदस्यों हेतु एक उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा की गई।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से कुल 120 नगर/ग्राम रक्षा समिति सदस्य उपस्थित रहे।
➡️ कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने में सहभागिता की सराहना
पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित सदस्यों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए पुलिस की दैनिक कार्यवाहियों में उनके सक्रिय सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नगर/ग्राम रक्षा समिति स्थानीय स्तर पर पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है तथा अपराध नियंत्रण, सामाजिक समरसता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सदस्यों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, जिससे समन्वय एवं कार्यकुशलता और अधिक सुदृढ़ हो सके।
➡️ कानून व्यवस्था ड्यूटी, सामुदायिक पुलिसिंग एवं व्यवहार शैली पर विशेष प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र के दौरान निम्न विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया—
* कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं जिम्मेदारी
* सामुदायिक पुलिसिंग की अवधारणा एवं व्यवहारिक क्रियान्वयन
* जनता के साथ संवेदनशील एवं मर्यादित व्यवहार
* थाना क्षेत्र की चुनौतियों से समन्वित तरीके से निपटने की रणनीति
* पुलिस अभियानों एवं नवाचारों में सक्रिय सहभागिता
पुलिस अधिकारियों द्वारा व्यवहार शैली, संवाद कौशल, आपसी समन्वय तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया जैसे विषयों पर व्यावहारिक सुझाव भी दिए गए।
🔷 उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रेरणा एवं आवश्यक सामग्री (विसिल, कैप, केन) का वितरण
पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी सदस्यों को “पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर” कार्य करने हेतु प्रेरित किया तथा उत्कृष्ट सेवा भाव के साथ समाजहित में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों को विसिल, कैप एवं केन प्रदान किए गए, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी एवं अनुशासित रूप से कर सकें।
🔷 वरिष्ठ अधिकारियों एवं 120 समिति सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, सूबेदार उत्तम सिंह, उप निरीक्षक मयंक नगाइच सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा 120 नगर/ग्राम रक्षा समिति सदस्य उपस्थित रहे।
जिला पुलिस टीकमगढ़ द्वारा सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाने तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।





