जिला टीकमगढ़ में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 13 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस पेंशनर्स के साथ एक आत्मीय एवं संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिले के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी पेंशनर्स का कुशलक्षेम जाना गया, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई तथा पुलिस सेवा के दौरान उनके अनुभवों को बड़े ध्यान और सम्मान के साथ सुना गया। साथ ही उनके वर्तमान जीवन, दिनचर्या एवं सामाजिक जुड़ाव पर भी सार्थक चर्चा की गई।
इस अवसर पर पेंशनर्स द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी साझा किया गया, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए उनके निराकरण हेतु आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सभी उपस्थित पेंशनर्स के लिए चाय, पानी एवं नाश्ते की व्यवस्था कराई गई तथा एक पारिवारिक वातावरण में आत्मीय संवाद स्थापित किया गया, जिससे सभी वरिष्ठजनों ने अपने आपको सम्मानित एवं जुड़ा हुआ महसूस किया।
इस बैठक में पुलिस पेंशनर्स समिति के संभागीय अध्यक्ष सुरेश दोदेरिया, जिला अध्यक्ष ख़लील ख़ान सहित जिले के अन्य पेंशनर्स सदस्य एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह पहल पुलिस परिवार के उन वरिष्ठ सदस्यों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं जुड़ाव का प्रतीक है, जिन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समाज एवं कानून व्यवस्था की सेवा में समर्पित किया।





