टीकमगढ़। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में दिनांक 24 जून 2026 से संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2026” के सफल संचालन एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय टीकमगढ़ में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध सबसे तेजी से बढ़ने वाली अपराध श्रेणियों में शामिल हैं। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि व्यापक जनजागरूकता ही इस चुनौती से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अभियान के दौरान केवल अपनी ड्यूटी तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रत्येक पुलिसकर्मी को एक “साइबर जागरूकता दूत” के रूप में कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें।
बैठक के दौरान आमजन को साइबर अपराधों से बचाने हेतु महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे नागरिकों को संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, OTP फ्रॉड एवं सोशल मीडिया ठगी जैसे अपराधों के प्रति जागरूक करें तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दें।
कार्यक्रम में अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजार क्षेत्रों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीक का विषय नहीं, बल्कि जागरूकता और जिम्मेदारी का विषय है। यदि नागरिक सतर्क रहें तो अधिकांश साइबर अपराधों को होने से पहले ही रोका जा सकता है।
🔷 टीकमगढ़ पुलिस का संदेश—
“सोच-समझकर करें हर क्लिक, तभी रहेगा आपका डिजिटल जीवन सुरक्षित।”
🔷 टीकमगढ़ पुलिस — जागरूक नागरिक, सुरक्षित डिजिटल भविष्य





