दिनांक 23 फरवरी 2026 को जतारा कस्बे में स्थानीय नागरिकों की त्वरित सहायता एवं अपराध नियंत्रण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बस स्टैंड परिसर में पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्री मनोहर सिंह मंडलोई, पुलिस अधीक्षक, टीकमगढ़ द्वारा विधिवत उद्घाटन कर उपस्थित नागरिकों से आत्मीय जनसंवाद किया गया।

👉 पुलिस अधीक्षक ने अपने उद्बोधन में बताया कि यह पुलिस सहायता केंद्र आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक संवेदनशील और प्रभावी कदम है। केंद्र पर जतारा थाना का पुलिस स्टाफ 24×7 शिफ्टों में तैनात रहेगा, जिसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। यहां पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नागरिकों के प्रति संवेदनशील, तत्पर एवं जवाबदेह व्यवहार के विशेष निर्देश दिए गए हैं।

जनसंवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपराध नियंत्रण, नशामुक्ति अभियान, महिला एवं बाल सुरक्षा, तथा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन जैसे विभिन्न आयामों पर संचालित अभियानों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास का सेतु मजबूत हुआ है तथा सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।

विशेष रूप से महिला सुरक्षा, स्वतंत्रता एवं समानता के उद्देश्य से संचालित जिला स्तरीय अभियानों — “नीड”, “परी”, “भरोसा”, “सहारा” एवं “आसरा” — के टीकमगढ़ मॉडल की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों में आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना है।

👉 जनसंवाद चौपाल के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों पर नियंत्रण ही नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, सहयोग और सुरक्षा की सकारात्मक भावना स्थापित करना भी है।

➡️ कार्यक्रम के दौरान कस्बे के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों द्वारा पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना पर आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित नागरिकों ने टीकमगढ़ पुलिस द्वारा संचालित जनहितकारी अभियानों की सराहना करते हुए इसे सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर एसडीओपी जतारा श्री अभिषेक गौतम, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी जतारा उप निरीक्षक एन.एस. ठाकुर सहित थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

टीकमगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा, विश्वास एवं सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। यह पुलिस सहायता केंद्र जनसहयोग से सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content