टीकमगढ़ — पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले में फरार इनामी एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु मुखबिर तंत्र सुदृढ़ कर प्रभावी पुलिस कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में थाना बुडेरा क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 28.05.2025 को ग्राम डिकोली निवासी श्रीमती रामप्यारी पाल (उम्र 30 वर्ष) द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर थाना बुडेरा में मर्ग क्रमांक 26/2026 धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत पंजीबद्ध कर प्रकरण की गहन जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह तथा एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बुढ़ेरा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतिका के पति मूलचन्द्र पाल, पिता भूरा पाल, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम डिकोली द्वारा घटना दिनांक को अपनी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। घरेलू प्रताड़ना से मानसिक रूप से क्षुब्ध होकर मृतिका ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

जांच में आरोपी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का अपराध धारा 108 बीएनएस के अंतर्गत सिद्ध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 0017/2026 पंजीबद्ध किया गया। तत्पश्चात आरोपी मूलचन्द्र पाल को दिनांक 22.01.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर आरोपी को जिला जेल टीकमगढ़ दाखिल कराया गया।

उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी (उप निरीक्षक) मनोज यादव, सहायक उप निरीक्षक रतीराम कोदर, प्रधान आरक्षक 349 विजय वर्मा एवं आरक्षक 459 ऋषि प्रताप की सराहनीय भूमिका रही।

टीकमगढ़ पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्यवाही सतत जारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content