मध्यप्रदेश शासन के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना द्वारा प्रदेश में नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले में नशा उन्मूलन हेतु व्यापक एवं प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता को प्राथमिकता देते हुए अब तक *485 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्कूलों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 80 हजार से अधिक आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया है तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने हेतु प्रेरित किया गया है।
👉 इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय मुखबिर तंत्र विकसित करने, तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर नशे के कारोबारियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा परिवहन एवं विक्रय संबंधी सूचनाएं संकलित कर प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निरंतर निर्देशित किया जा रहा है।
👉 टीकमगढ़ पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक अवैध शराब के विरुद्ध 343 प्रकरण दर्ज कर 346 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जिनसे कुल 1819 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,01,744/- है, जप्त की गई है।
👉 इसी क्रम में मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अफीम से संबंधित 02 प्रकरणों में 02 आरोपियों के कब्जे से उगाई जा रही 446 किलोग्राम अफीम की खेती,जिसकी अनुमानित कीमत ₹47,93,000/- है, जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी है तथा जिले को नशामुक्त बनाने हेतु प्रभावी कार्रवाई एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी सतत रूप से संचालित किए जाते रहेंगे।





