पुलिस मुख्यालय द्वारा जिला टीकमगढ़ को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं अपराधों की वैज्ञानिक जांच को अधिक प्रभावी बनाने हेतु एक अत्याधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वेन एवं एक SUV वाहन (महिंद्रा TUV) उपलब्ध कराया गया है। मोबाइल फोरेंसिक वेन की अनुमानित लागत लगभग ₹67 लाख तथा SUV वाहन की लागत लगभग ₹14 लाख है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में दोनों नवीन वाहनों का विधिवत पूजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मोबाइल फोरेंसिक वेन का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए उसमें उपलब्ध आधुनिक फोरेंसिक उपकरणों, साक्ष्य संग्रहण किट, साक्ष्य संधारण प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वेन में फोरेंसिक टीम के कार्य को ध्यान में रखते हुए सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा हेतु मजबूत जाली, गर्मी के मौसम में कार्य सुविधा हेतु वातानुकूलन (AC), पर्याप्त स्टोरेज स्पेस तथा संवेदनशील सामग्री के सुरक्षित परिवहन हेतु विशेष व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, जिला पुलिस को प्रदान की गई SUV वाहन का भी निरीक्षण कर उसके सुरक्षा मानकों एवं उपयोगिता का परीक्षण किया गया।
👉 पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन संसाधनों के उपलब्ध होने से घटनास्थल पर त्वरित एवं वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित होगी, जिससे साक्ष्यों के संरक्षण एवं विश्लेषण में गुणवत्ता आएगी तथा अपराधों के शीघ्र एवं सटीक खुलासे में सहायता मिलेगी।
मोबाइल फोरेंसिक वेन में प्रमुख सुविधाएँ:
* अत्याधुनिक फोरेंसिक उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशाला
* साक्ष्य संग्रहण एवं सुरक्षित संधारण के लिए विशेष किट
* डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों के विश्लेषण हेतु उपकरण
* घटनास्थल पर तत्काल जांच की सुविधा
* टीम के लिए आरामदायक एवं सुरक्षित बैठने की व्यवस्था
* वातानुकूलित (AC) सुविधा
* सुरक्षा हेतु मजबूत संरचना एवं जाली व्यवस्था
* पर्याप्त स्टोरेज एवं उपकरण रखने की व्यवस्थित व्यवस्था
* आपातकालीन परिस्थितियों के लिए आवश्यक तकनीकी संसाधन
उक्त सुविधाओं से जिला पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा आमजन को बेहतर, त्वरित एवं पारदर्शी पुलिस सेवा प्रदान की जा सकेगी।
इस अवसर पर एएसपी श्री विक्रम सिंह कुशवाहा,एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे,जिला वैज्ञानिक अधिकारी श्री प्रदीप यादव,रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान,ट्रेफिक प्रभारी श्री कैलाश पटेल,थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक,थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव,महिला थाना प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह,सहित पुलिस कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा ।





