टीकमगढ़। जिले में पुलिसिंग को केवल विधि-व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए उसे विश्वास, संवाद एवं जनसहभागिता पर आधारित स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। श्री मनोहर सिंह मंडलोई, पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में निरंतर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों से प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं सम्मानजनक निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

घर-घर पहुँचकर आत्मीय संवाद की पहल

दिनांक 24 फरवरी 2026 को थाना देहात क्षेत्र अंतर्गत मजना, देरी, अस्तोन एवं खिरिया चौकी सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस दल द्वारा ग्रामीण अंचलों, मोहल्लों एवं बस्तियों में पहुँचकर चौपाल, सामुदायिक स्थलों एवं घरों के आँगन में नागरिकों से सहज वातावरण में संवाद स्थापित किया गया।

इन बैठकों में पारिवारिक विवाद, नशे की समस्या, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम तथा सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही नागरिकों को आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज करने की सरल प्रक्रिया समझाई गई।

महिला जनसंवाद से सुरक्षा भाव हुआ सुदृढ़

विशेष रूप से महिला जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को निर्भीक होकर अपनी बात रखने का अवसर प्रदान किया गया। महिला सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी दी गई।

स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण से सकारात्मक परिणाम

जनसंवाद आधारित इस पहल का सकारात्मक प्रभाव परिलक्षित हुआ है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त शिकायतों में लगभग 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो यह दर्शाता है कि स्थानीय स्तर पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इससे नागरिकों में विश्वास एवं संतोष की भावना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

संवाद, सम्मान एवं सहभागिता — सुरक्षित समाज की आधारशिला

जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नियमित रूप से मोहल्ला बैठकें, चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला पुलिस का उद्देश्य स्पष्ट है— प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित अनुभव करे, प्रत्येक महिला निसंकोच अपनी बात रख सके तथा प्रत्येक समस्या का समाधान समयबद्ध एवं सम्मानजनक ढंग से सुनिश्चित हो।

टीकमगढ़ जिला पुलिस पारदर्शिता, मानवीय संवेदनशीलता एवं जनसहयोग पर आधारित पुलिसिंग के माध्यम से सुरक्षित, समरस एवं सहयोगात्मक समाज के निर्माण हेतु सतत प्रतिबद्ध है।

keyboard_arrow_up
Skip to content