टीकमगढ़। पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, समन्वय एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 12 जून 2026 को पुलिस लाइन टीकमगढ़ में जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा ली गई।

जनरल परेड में जिला मुख्यालय पर पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। परेड का संचालन रक्षित निरीक्षक श्री कैलाश पटेल द्वारा किया गया। इस दौरान विभिन्न प्लाटूनों ने स्क्वाड ड्रिल का प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, समन्वय एवं पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट परिचय दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन, सजगता एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट टर्नआउट एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नियमित परेड एवं प्रशिक्षण से पुलिस बल में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का विकास होता है, जो बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी जनसेवा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

👉 बलवा ड्रिल के माध्यम से आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास

जनरल परेड के साथ पुलिस बल को बलवा नियंत्रण संबंधी विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। बलवा ड्रिल के दौरान जुलूस पार्टी, रायफल पार्टी एवं अन्य दलों द्वारा भीड़ नियंत्रण, पत्थरबाजी से बचाव तथा कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया।

अभ्यास में शामिल पुलिस बल ने बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट एवं सुरक्षा उपकरणों के साथ निर्धारित रणनीति के अनुरूप बलवा नियंत्रण की विभिन्न कार्यवाहियों का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक स्वयं प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहे तथा अभ्यास में शामिल होकर आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए।

🚔 पुलिस वाहनों एवं संसाधनों का किया निरीक्षण

परेड उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में संचालित शासकीय पुलिस वाहनों एवं उपलब्ध संसाधनों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वाहनों में लगे सायरन, इंडिकेटर, वायरलेस सेट, बलवा नियंत्रण उपकरण, टियर गैस, सुरक्षा सामग्री एवं टूल किट सहित विभिन्न संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता का परीक्षण किया गया।

👉 पुलिस बल से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए परेड एवं नियमित प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलती चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को प्रशिक्षित एवं तैयार रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। बलवा नियंत्रण प्रशिक्षण एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग से कानून-व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, सजगता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

🔹 टीकमगढ़ पुलिस
अनुशासित पुलिस • सक्षम पुलिस • जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध पुलिस

keyboard_arrow_up
Skip to content