टीकमगढ़। पुलिस विभाग अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं एवं पारिवारिक मूल्यों को भी समान महत्व देता है। इसी भावना का सुंदर उदाहरण उस समय देखने को मिला जब प्रशिक्षण सत्र के दौरान पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने एक महिला आरक्षक का जन्मदिन पूरे आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाकर पुलिस परिवार की एकजुटता का संदेश दिया।

सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए जिला पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रशिक्षुओं को भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) एवं यातायात प्रबंधन (Traffic Management) विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।

उन्होंने अपने सेवा अनुभवों को साझा करते हुए बड़े धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था, जनसहयोग, आपदा प्रबंधन तथा यातायात नियंत्रण के महत्वपूर्ण पहलुओं से प्रशिक्षुओं को अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को संवेदनशील, सजग एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया।

👉 प्रशिक्षण सत्र के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि उपस्थित प्रशिक्षुओं में से एक महिला आरक्षक का जन्मदिन है। इस अवसर को विशेष बनाते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने सभी प्रशिक्षुओं के साथ केक कटवाकर उनका जन्मदिन मनाया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवा जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।

इस आत्मीय पहल से प्रशिक्षण कक्ष का वातावरण भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण हो गया। उपस्थित प्रशिक्षुओं ने इसे पुलिस परिवार की सकारात्मक कार्यसंस्कृति एवं पारस्परिक सम्मान का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, यातायात प्रभारी श्री कैलाश पटेल सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

“एक सशक्त पुलिस बल केवल प्रशिक्षण से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, विश्वास और पारिवारिक भावना से भी निर्मित होता है।”

टीकमगढ़ पुलिस
संवेदना • अनुशासन • सेवा

keyboard_arrow_up
Skip to content