पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में संचालित “परी अभियान” के अंतर्गत महिला सेल द्वारा ग्राम तखा की बस्ती में पहुंचकर बच्चों एवं समुदाय के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन्हें गुड टच एवं बैड टच के संबंध में सरल एवं सहज भाषा में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। साथ ही बच्चों को यह बताया गया कि किसी भी प्रकार की असहज, अनुचित या भय उत्पन्न करने वाली स्थिति में वे बिना संकोच अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
महिला सेल की टीम द्वारा बच्चों को विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने, अपने सपनों को साकार करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण समय बिताते हुए उन्हें फल वितरित किए गए। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना, उनके मन से भय एवं संकोच को दूर करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।
उक्त कार्यक्रम में महिला सेल से प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा, महिला आरक्षक कीर्ति बुंदेला एवं महिला आरक्षक मानसी तिवारी उपस्थित रहीं।
जिला पुलिस द्वारा बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण का निर्माण किया जा सके।





