पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा आज दिनांक 01 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पुलिस कर्मियों के लिए रोस्टर अनुसार(लॉटरी आधारित) आवास आवंटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित नवीन आवास गृहों का आवंटन पात्रता एवं आवश्यकता के आधार पर नियमानुसार किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आवास प्राप्त करने वाले सभी पुलिसकर्मियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। साथ ही, पारंपरिक रूप से मिठाई खिलाकर उन्हें नए आवास की शुभ शुरुआत कराई गई। आवास प्राप्त कर पुलिसकर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार जताया। इस पहल से पुलिसकर्मियों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

पुलिस अधीक्षक ने सभी आवंटित आवासधारियों को आवास परिसर में अनुशासन बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने एवं निर्धारित नियमों का पालन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण न केवल व्यक्तिगत जीवन को बेहतर बनाता है, बल्कि संपूर्ण पुलिस परिवार के लिए सकारात्मक माहौल भी तैयार करता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटारे, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

keyboard_arrow_up
Skip to content