पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गंभीर अपराधों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में घटित गंभीर अपराधों, आर्थिक अपराधों, चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा प्रकरणों के प्रभावी निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक थाना क्षेत्र की विवेचना प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित थाना प्रभारी एवं विवेचकों से अनुबिभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में प्रकरणवार जानकारी प्राप्त की गई। जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की गई, वहीं कमियों पाए जाने पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई हेतु सख्त निर्देश दिए गए।
👉 विशेष रूप से पलेरा क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के संबंध में गठित पुलिस टीम के कार्यों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
👉 बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने पुलिस महानिरीक्षक सागर श्री मिथिलेश शुक्ला एवं डीआईजी छतरपुर रेंज श्री विजय खत्री द्वारा दिए गए निर्देशों से भी उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिन्हित कर तथा पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधों की पुनरावृत्ति पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें तथा अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाएं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के अधिकतम उपयोग एवं समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, एसडीओपी जतारा श्री अभिषेक गौतम, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक, थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, थाना प्रभारी पलेरा निरीक्षक प्रीति भार्गव, थाना प्रभारी बलदेवगढ़ उप निरीक्षक चंदन शाक्य, चौकी प्रभारी कनेरा उप निरीक्षक आकाश रुशिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





