राज्य स्तरीय महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण अभियान अभिमन्यु-3 के अंतर्गत आज टीकमगढ़ जिले में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन आज दिनांक 30 सितम्बर 2025 को किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा ने पुलिस लाइन परिसर से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौड़ में नवयुवतियां, खिलाड़ी, पुलिस जवान और शहर के आम नागरिक भी शामिल हुए, जिससे महिला सुरक्षा के संदेश को जिले के हर कोने तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में जिला मुख्यालय का पुलिस बल, खेल विभाग के कोच एवं स्थानीय खिलाड़ी भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें सशक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाना है।
शपथ:- मैराथन दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा के प्रति शपथ भी दिलाई गई ।
अभियान अभिमन्यु-3 के माध्यम से पुलिस विभाग यह संदेश देना चाहता है कि महिला सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की प्राथमिकता है।