पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ जिले में अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु “प्रभात गश्त” नामक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान जिले में सतत् निगरानी व्यवस्था स्थापित करने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को प्रबल करने हेतु क्रियान्वित किया गया है।
इसी अनुक्रम में दिनांक 17 जुलाई 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस टीकमगढ़ एवं जतारा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में प्रातःकालीन गश्त का संचालन किया गया।
गश्त का समय प्रातः 06:00 बजे से 08:00 बजे तक निर्धारित रहा, जिसमें कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, बाजार परिसरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गहन निगरानी रखी गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की पहचान एवं जांच की गई।
गश्त अभियान के प्रमुख उद्देश्य:
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा स्पष्ट किया गया कि “प्रभात गश्त” का उद्देश्य निम्नानुसार है:
* प्रातः समय में पुलिस बल की दृश्य उपस्थिति दर्ज कराना।
* छेड़छाड़, चेन स्नेचिंग, एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर आरंभिक स्तर पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना।
* जनमानस में सुरक्षा की भावना का निर्माण एवं अपराधियों में भय का वातावरण स्थापित करना।
निरंतर संचालन की प्रतिबद्धता:
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा यह अभियान भविष्य में भी नियमित एवं संगठित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे जिले के नागरिकों को सुरक्षित, अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान किया जा सके।