जिले में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में चलाया जा रहा “परिवार जोड़ो अभियान” समाज में पारिवारिक सौहार्द और विश्वास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह पहल पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से हल करने पर केंद्रित है।
हाल ही में, साधना नापित, पत्नी राजकुमार नापित, ग्राम गुना, थाना खरगापुर, ने महिला थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना की टीम ने दोनों पक्षों को आमंत्रित कर शांतिपूर्ण और संवेदनशील तरीके से समझाइश और परामर्श प्रदान किया।
अधिकारियों ने दोनों को एक-दूसरे की भावनाओं को समझने, पारिवारिक जिम्मेदारियों को साझा करने और आपसी मतभेदों को सुलझाने के लिए मार्गदर्शन दिया। सार्थक संवाद और पुलिस की सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप, दोनों पक्ष राजी-खुशी एक साथ रहने के लिए तैयार हो गए।
इस अभियान में महिला थाना टीकमगढ़ की टीम के निरीक्षक एम. पी. गौड़, आरक्षक रामसखी अहिरवार (मप्रआर. 530), ज्योति यादव (मआर. 89) एवं नमिता मालवीय (मआर. 727) की सक्रिय भागीदारी रही।
“परिवार जोड़ो अभियान” पुलिस की मानवता-प्रधान सोच का प्रतीक बनता जा रहा है और समाज में संवाद, विश्वास और सहअस्तित्व का संदेश फैलाने में मदद कर रहा है।