जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा, विश्वास और सहयोग की नई परिभाषा गढ़ने वाले पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नवाचारों की समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर उपस्थित समाजसेवियों ने श्री मंडलोई को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।
समाजसेवियों ने कहा कि पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला सशक्तिकरण, जनसंवाद, अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में चलाए जा रहे अभियान जिले में *सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल* बन चुके हैं।
महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए आरंभ किए गए ‘नीड’, ‘परी’, ‘भरोसा’, ‘सहारा’, ‘आसरा’ जैसे अभियानों ने न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया है, बल्कि समाज में सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ किया है।
आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु ‘बुन्देली जनसंवाद चौपाल’, युवतियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु ‘मजनू अभियान’, प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए ‘प्रतिभा सम्मान’, परिवारिक सौहार्द की दिशा में ‘परिवार जोड़ो अभियान’, तथा युवाओं के कौशल विकास हेतु ‘युवा जोड़ो अभियान’ जैसी पहलें व्यापक स्तर पर सफल सिद्ध हो रही हैं।
बालिकाओं की आत्मरक्षा हेतु ‘स्वयंसिद्धा अभियान’, जरूरतमंदों की सहायता के लिए ‘हेल्पिंग हैंड अभियान’, और साइबर क्राइम, ट्रैफिक नियमों, कानूनी जागरूकता एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियानों से समाज में जागरूकता का स्तर उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले में भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा एवं छेड़छाड़ जैसे अपराधों में कमी आई है, आमजन की शिकायतों में गिरावट दर्ज की गई है और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास व संवाद और अधिक सशक्त हुआ है।
सम्मान समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने कहा कि पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई के नेतृत्व में जिले की पुलिस ने सेवा, सुरक्षा और सहयोग का नया अध्याय रचा है, जिससे पुलिस और जनता के बीच संबंध और भी प्रगाढ़ हुए हैं।





