पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 26 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम नाबालिग बालक/बालिकाओं एवं गुमशुदा व्यक्तियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी एवं संबंधित विवेचक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक प्रकरण की बारीकी से क्रमवार समीक्षा की गई। उन्होंने थाना प्रभारियों एवं विवेचकों से अब तक किए गए प्रयासों, तकनीकी संसाधनों के उपयोग, संभावित ठिकानों एवं संबंधित व्यक्तियों तक पहुंच बनाने की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि गुम नाबालिगों एवं गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। संभावित तकनीकी खोजबीन, सीसीटीवी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अंतर-जिला समन्वय जैसे सभी आवश्यक माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए त्वरित एवं ठोस कार्यवाही की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी व्यावसायिक दक्षता, संवेदनशीलता एवं सतर्कता का पूर्ण उपयोग करते हुए प्रत्येक प्रकरण में गंभीरता से कार्य करने हेतु सख्त निर्देश दिए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि गुमशुदा प्रकरणों में परिजनों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए तथा उन्हें प्रकरण की प्रगति से अवगत कराया जाता रहे, जिससे विश्वास एवं पारदर्शिता बनी रहे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में विक्रम सिंह कुशवाहा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), राहुल कटरे (एसडीओपी टीकमगढ़), अभिषेक गौतम (एसडीओपी जतारा) सहित जिले के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, विवेचक एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

👉 पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि गुमशुदा व्यक्तियों एवं नाबालिगों की सुरक्षित दस्तयाबी पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content