आज प्रातः इंदौर से टीकमगढ़ आ रही महाकाल ट्रेवल्स की एक स्लीपर बस गोंगावेर मंदिर के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बस में सवार लगभग 10 से 15 यात्रियों को चोटें आई हैं।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उनके निर्देशन में एफआरवी एवं कोतवाली पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया, जिन्होंने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस अधीक्षक स्वयं भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने घायलों को धैर्य एवं संबल प्रदान करते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनके साथ है। साथ ही चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ से चर्चा कर सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है तथा सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

keyboard_arrow_up
Skip to content