टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जिले में अवैध हथियार रखने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह एवं एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे के पर्यवेक्षण में थाना खरगापुर, थाना बलदेवगढ़ एवं चौकी देरी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में 04 आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया।

👉 पहली कार्रवाई में थाना खरगापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर देवपुर रोड रेलवे पुल के पास दबिश देकर आरोपी प्रिंस राजपूत एवं मेघराज चढ़ार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। मामले में थाना खरगापुर में अपराध क्रमांक 170/2026 धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

👉 दूसरी कार्रवाई में चौकी देरी पुलिस ने ग्राम मगयारा खिरक क्षेत्र से आरोपी शिवम सिसोदिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

👉 तीसरी कार्रवाई में थाना बलदेवगढ़ पुलिस ने बलदेवगढ़ किले के अंदर खुले मैदान क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी शिवराज परिहार को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक 315 बोर का अवैध कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में थाना बलदेवगढ़ में अपराध क्रमांक 195/2026 धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उक्त कार्रवाइयों में थाना प्रभारी खरगापुर निरीक्षक अम्बर सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी बलदेवगढ़ उपनिरीक्षक चंदन शाक्य,चौकी प्रभारी देरी उपनिरीक्षक संदीप सोनी, सहायक उपनिरीक्षक पन्नालाल प्रजापति, आरक्षक राजकुमार कुशवाहा, प्रधान आरक्षक हरेन्द्र सिंह तोमर,आरक्षक आकाश, आरक्षक अभिषेक, आरक्षक केशव लोधी एवं संबंधित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

टीकमगढ़ पुलिस — कानून व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध।

keyboard_arrow_up
Skip to content