विश्व परिवार दिवस के अवसर पर दिनांक 15 मई 2026 को पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस टीकमगढ़ एवं महिला थाना के संयुक्त प्रयासों से पारिवारिक विवादों के कारण अलग हो चुके 109 परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ने की उल्लेखनीय उपलब्धि साझा की गई।
कार्यक्रम में उन परिवारों में से 13 दंपत्तियों ने सहभागिता की, जिन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को माला पहनाई, मिठाई खिलाकर पुनः साथ जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया। इस भावुक पल के साक्षी बने उपस्थित अधिकारियों एवं परिजनों ने दंपत्तियों का उत्साहवर्धन किया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी दंपत्तियों को मिठाई खिलाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
👉 अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने सभी को विश्व परिवार दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि परिवार केवल सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद, सम्मान और संवेदनाओं का आधार है। उन्होंने दंपत्तियों को साथ रहने, एक-दूसरे की भावनाओं को समझने एवं पारिवारिक मूल्यों को सहेजने की शपथ दिलाई।
👉 पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीकमगढ़ पुलिस द्वारा नवाचार स्वरूप पारिवारिक विवादों एवं परिवार टूटने संबंधी शिकायतों के निराकरण हेतु महिला थाना को नोडल एजेंसी बनाया गया है। शिकायत प्राप्त होते ही दोनों पक्षों को बुलाकर 6 स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें संवेदनशील संवाद, आपसी समझ, पारिवारिक समन्वय एवं सामाजिक मूल्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस मानवीय पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए और 109 परिवार पुनः साथ जुड़े, जो वर्तमान में सुखद एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
इस नव-पहल के दूरगामी एवं बहुमुखी परिणाम भी सामने आए हैं। पारिवारिक समन्वय एवं समयबद्ध काउंसलिंग के कारण दहेज प्रताड़ना से संबंधित प्रकरणों में लगभग 54.12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है।
👉 पुलिस अधीक्षक की यह नव-पहल न केवल कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि समाज में रिश्तों की गरिमा एवं पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास भी है।





