सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से टीकमगढ़ जिले में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मुख्यालय पर शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीय ने संयुक्त रूप से आज दिनांक 01 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीय ने सिंहस्थ-2016 के दौरान प्राप्त अपने अनुभव साझा करते हुए आगामी सिंहस्थ में संभावित चुनौतियों, व्यवस्थाओं एवं पुलिस की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि सिंहस्थ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास, सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्थाओं से जुड़ा एक विशाल दायित्व है, जिसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अभी से दक्ष एवं प्रशिक्षित होना आवश्यक है।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि सिंहस्थ-2028 की दृष्टि से पुलिस बल को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि किसी भी परिस्थिति में प्रभावी एवं त्वरित पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अनुशासन, संवेदनशीलता एवं पेशेवर दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 01 जून 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा, जिसमें जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 06 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, घाट प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, मंदिर व्यवस्था प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया एवं जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विशेष उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा उज्जैन में आयोजित उन्नत स्तरीय सिंहस्थ प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के दो पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है। ये अधिकारी मास्टर ट्रेनर के रूप में जिले के पुलिस बल को प्रशिक्षित करेंगे तथा अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ प्रशिक्षणार्थियों को प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, यातायात प्रभारी श्री कैलाश पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
“आज का प्रशिक्षण, कल की सफलता की आधारशिला”
सिंहस्थ-2028 की व्यापक तैयारियों के तहत प्रारंभ किया गया यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की क्षमता वृद्धि, संसाधन प्रबंधन एवं आधुनिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो भविष्य में जिले के पुलिस बल को बड़े आयोजनों के सफल प्रबंधन हेतु और अधिक सक्षम बनाएगा।





