दिनांक 09.06.2026 को फरियादी रतिराम लोधी निवासी ग्राम बनियानी द्वारा थाना बलदेवगढ़ में सूचना दी गई कि उसकी माता भगुंती बाई लोधी अपने घर में खून से लथपथ अवस्था में पड़ी हुई हैं तथा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाना बलदेवगढ़ में अपराध क्रमांक 241/2026 धारा 103(1), 332 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उनके निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) टीकमगढ़ श्री राहुल कटारे के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बलदेवगढ़ उप निरीक्षक श्री चंदन शाक्य के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं गहन पूछताछ के आधार पर संदेही मुन्नीलाल उर्फ डॉक्टर पुत्र हल्लू कुशवाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बनियानी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का हसिया बरामद किया गया, जिससे मृतिका की हत्या की गई थी।
पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बलदेवगढ़ पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं प्रभावी विवेचना के परिणामस्वरूप जघन्य हत्या की इस घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को घटना के लगभग 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बलदेवगढ़ उप निरीक्षक श्री चंदन शाक्य, उप निरीक्षक जे.एन. भगत, सहायक उप निरीक्षक सुहाग चंद, प्रधान आरक्षक रविन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक अजीम खान, प्रधान आरक्षक भगत यादव, प्रधान आरक्षक राजबहादुर, आरक्षक केशव राजपूत, आरक्षक पंकज खरे, आरक्षक जितेन्द्र राजपूत, आरक्षक नीरज पाल, आरक्षक सुनील अहिरवार, आरक्षक मनोज जाटव, आरक्षक शिव नायक आरक्षक शिव मोरे एवं आर चालक सौरभ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।





