टीकमगढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में व्यापक सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इस अभियान के अंतर्गत टीकमगढ़ पुलिस, यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन के समन्वय से विभिन्न स्तरों पर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क किनारे स्थित पेड़ों एवं अन्य स्थायी संरचनाओं पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे अंधेरे में वाहन चालकों को मार्ग स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके। इसके अतिरिक्त प्रमुख मार्गों पर ओवरस्पीड चेतावनी संकेतक स्थापित किए जा रहे हैं तथा सड़क किनारे मौजूद संभावित अवरोधों को हटाकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जिले के ऐसे ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए गए हैं जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं अथवा दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। इन स्थानों पर विशेष सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं तथा वाहन चालकों को सावधानी बरतने हेतु चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टिव बोर्ड एवं अन्य आवश्यक चिन्हांकन लगाए जा रहे हैं।
👉 इसी क्रम में दिनांक 19 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सागर रोड स्थित गुदनवारा ब्लैक स्पॉट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा संबंधी किए जा रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया , अवलोकन के दौरान जटऊआ तिराहा पर रोड मार्किग करने के निर्देश दिये गए और जारी काम का समक्ष मैं अवलोकन किया गया तथा दुर्घटना नियंत्रण एवं यातायात सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को रोड मार्किंग करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व भी है। जनसहयोग, जागरूकता और नियमों के पालन से अनेक बहुमूल्य जीवन सुरक्षित किए जा सकते हैं।
टीकमगढ़ पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाकर सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
🔷 टीकमगढ़ पुलिस — सुरक्षित सड़कें, सुरक्षित जीवन





