टीकमगढ़। पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ परिसर की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस लाइन परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी एक-एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया ।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। प्रत्येक पौधा पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ वायु और जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों से पुलिस लाइन परिसर में लगभग 13 हजार पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। इन पौधों की बेहतर देखभाल के लिए कई नवाचार अपनाए गए हैं।
इसी क्रम में आवासीय परिसर से निकलने वाले वेस्ट वाटर का शोधन कर उसे पौधों की सिंचाई में उपयोग किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण के साथ पर्यावरण-अनुकूल संसाधन प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण स्थापित हुआ है। वहीं पौधों को आवारा पशुओं से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी तारबंदी भी कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक समय-समय पर स्वयं पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर पौधों की स्थिति की समीक्षा करते हैं तथा उनके संरक्षण, सिंचाई और संवर्धन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हैं। उनके सतत मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि पुलिस लाइन परिसर आज एक हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर के रूप में विकसित हो रहा है।
यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व, संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय जागरूकता को पुलिस कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
टीकमगढ़ पुलिस
“हरित पर्यावरण • सुरक्षित भविष्य • जनसेवा के साथ प्रकृति संरक्षण”








