टीकमगढ़। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेशव्यापी स्तर पर संचालित “सेफ क्लिक अभियान 2.0” के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में जिला मुख्यालय के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक रूप से साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी केवल अपराधों की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को समय रहते जागरूक कर डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि “सेफ क्लिक अभियान 2.0” को जन-जागरूकता अभियान के रूप में प्रभावी ढंग से संचालित करें तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के सरल एवं व्यवहारिक उपायों की जानकारी दें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई। उन्हें संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ बैंकिंग एवं ओटीपी संबंधी जानकारी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सीमित रखने तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनजागरूकता ही साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी यदि स्वयं जागरूक रहेगा और समाज को भी जागरूक करेगा, तो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

टीकमगढ़ पुलिस आगामी दिनों में भी “सेफ क्लिक अभियान 2.0” के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का संचालन कर नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

टीकमगढ़ पुलिस
“सजग नागरिक • सुरक्षित डिजिटल जीवन • साइबर अपराध मुक्त समाज”

keyboard_arrow_up
Skip to content