टीकमगढ़। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौती को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक “सेफ क्लिक अभियान 2.0” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत 02 जुलाई 2026 को जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, पेट्रोल पंपों, मंडियों एवं हाट-बाजारों का भ्रमण कर व्यापारियों, दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को QR कोड आधारित भुगतान एवं ऑनलाइन लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी प्रदान की।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को विशेष रूप से बताया कि भुगतान प्राप्त करने के लिए किसी भी स्थिति में QR कोड स्कैन करने की आवश्यकता नहीं होती, केवल बैंक खाते अथवा अधिकृत पेमेंट एप्लीकेशन में राशि प्राप्त होने की पुष्टि के बाद ही सामान अथवा सेवा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नकली QR कोड, फर्जी भुगतान स्क्रीनशॉट एवं अन्य साइबर ठगी के तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं ग्राहकों को OTP फ्रॉड, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के नए तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश, लिंक अथवा ऑनलाइन लेनदेन पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

टीकमगढ़ पुलिस द्वारा लोगों को यह भी बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शीघ्र शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि को रोकने अथवा वापस प्राप्त होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

“सेफ क्लिक अभियान 2.0” केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकों में डिजिटल सुरक्षा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का व्यापक जनअभियान है। टीकमगढ़ पुलिस लगातार समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर साइबर सुरक्षा को जन-जन का अभियान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे प्रत्येक नागरिक सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण एवं विश्वास के साथ डिजिटल सेवाओं का उपयोग कर सके।

👉 पुलिस अधीक्षक का संदेश

पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा—

“साइबर अपराधों से सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता, सतर्कता और समय पर कार्रवाई है। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक अथवा ऑनलाइन लेनदेन पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी पूर्णतः सुरक्षित रखें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें एवं NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। आपकी सजगता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

टीकमगढ़ पुलिस सभी नागरिकों से आग्रह करती है कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें। सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content