पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में जिले में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वतंत्रता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नवाचार अंतर्गत “नीड परी – भरोसा, सहारा, आसरा” अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके जीवन के प्रत्येक चरण—जन्म पूर्व गर्भावस्था से लेकर वृद्धावस्था तक—सुरक्षा, सम्मान, सहयोग एवं जागरूकता प्रदान करना है।

इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत चौकी खिरिया द्वारा दिनांक 13 जुलाई 2026 को चौकी क्षेत्र के एक ग्राम में नन्ही बालिकाओं के साथ एक संवेदनशील एवं प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं सहज भाषा में जानकारी प्रदान की गई।

बालिकाओं को गुड टच एवं बैड टच की पहचान, असहज परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, विश्वासपात्र व्यक्तियों से संवाद तथा किसी भी प्रकार की अनुचित घटना की जानकारी तत्काल साझा करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही पुलिस सहायता एवं अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बालिकाओं को आत्मरक्षा के मूलभूत गुर भी सिखाए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास का विकास हो तथा वे स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर सकें। उपस्थित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सुरक्षा संबंधी विषयों पर अपने प्रश्न भी पूछे।

टीकमगढ़ पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण का निर्माण हो सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content