दिनांक 27 फ़रवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, टीकमगढ़ में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले के समस्त थानों में पदस्थ सीसीटीएनएस ऑपरेटर आरक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी संचालन, लंबित प्रविष्टियों के निराकरण तथा तकनीकी दक्षता में वृद्धि सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों, थाना-वार लंबित रिकॉर्ड, अपराध संबंधी प्रविष्टियों एवं अद्यतन डाटा की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही, प्रणाली में आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनके त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने नवीन संशोधनों एवं अद्यतन प्रक्रियाओं के संबंध में ऑपरेटरों को अवगत कराते हुए निर्देशित किया कि समस्त प्रविष्टियाँ निर्धारित समय-सीमा में शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण की जाएँ।
इसके अतिरिक्त, ‘ई-साक्ष्य’ प्रणाली के माध्यम से घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य संकलन, अपलोडिंग एवं सुरक्षित संधारण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई तथा गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत साक्ष्य संकलन पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, सीसीटीएनएस शाखा से प्रधान आरक्षक सुनील प्रजापति, प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) रत्नेश बेडिया सहित जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में कार्यरत सीसीटीएनएस ऑपरेटर आरक्षक उपस्थित रहे।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सूचना प्रौद्योगिकी आधारित व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता एवं त्वरित न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
टीकमगढ़ पुलिस — तकनीकी दक्षता एवं पारदर्शी पुलिसिंग हेतु प्रतिबद्ध।





