प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक अभियान 2.0” के अंतर्गत आज पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मुख्य आतिथ्य में पुलिस लाइन, टीकमगढ़ में आयोजित साइबर मेला एवं साइबर जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

प्रदर्शनी में साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें पोस्टर, पेंटिंग, स्टैंडी, पेम्पलेट, पुस्तकें एवं अन्य जागरूकता सामग्री के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों तथा उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को प्रत्येक स्टॉल पर प्रदर्शित सामग्री का उद्देश्य विस्तार से समझाया तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं से साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश पढ़वाए और उनके वास्तविक महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक भी साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाकर समाज को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क रहे, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचे तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दे, तो अधिकांश साइबर अपराधों को रोका जा सकता है।

टीकमगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित यह साइबर मेला विद्यार्थियों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित, जागरूक एवं डिजिटल रूप से सशक्त समाज का निर्माण करना है।

keyboard_arrow_up
Skip to content