नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में जिले में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नशामुक्ति सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री वीरेंद्र खटीक द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई, कलेक्टर श्री विवेक श्रोतीय जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य उपस्थितजनों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर समाज को नशे की प्रवृत्तियों से मुक्त करने तथा युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जनजागरूकता और प्रभावी कार्रवाई का समन्वित अभियान

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशे में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में युवाओं तथा आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा संवाद के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जागरूकता से परिवर्तन की ओर

सामाजिक न्याय विभाग एवं टीकमगढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में नशामुक्ति विषयक संगोष्ठियों, जनसंवाद कार्यक्रमों, कार्यशालाओं एवं जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना है कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है।

विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नशामुक्त भारत के लक्ष्य की ओर सामूहिक प्रयास

जिले में संचालित यह अभियान भारत सरकार के “नशामुक्त भारत 2028” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सहभागिता से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का वातावरण निर्मित हो रहा है।

जिला प्रशासन एवं टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

टीकमगढ़ पुलिस
जागरूक समाज • स्वस्थ युवा • नशामुक्त भविष्य

keyboard_arrow_up
Skip to content