टीकमगढ़। पुलिस विभाग केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व ही नहीं निभाता, बल्कि अपने प्रत्येक कर्मचारी एवं उसके परिवार को एक विस्तारित परिवार का सदस्य मानते हुए उनके सुख-दुःख में सहभागी भी बनता है। इसी संवेदनशील सोच एवं मानवीय मूल्यों के अनुरूप टीकमगढ़ पुलिस ने एक बार फिर शोकाकुल पुलिस परिवार के प्रति अपनी आत्मीयता, संवेदना एवं जिम्मेदारी का परिचय दिया है।

मध्यप्रदेश शासन के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर तथा पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला पुलिस टीकमगढ़ में पदस्थ रहे स्वर्गीय प्रधान आरक्षक श्री शिवशरण त्रिपाठी के असामयिक निधन से पुलिस परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। इस कठिन एवं भावनात्मक समय में पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने परिवार के साथ निरंतर संपर्क एवं सहयोग बनाए रखते हुए संवेदनशील पहल की। उनके सतत प्रयासों के फलस्वरूप भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से स्वर्गीय प्रधान आरक्षक के परिजनों को ₹10 लाख की बीमा सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय टीकमगढ़ में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने परिवारजनों को सम्मानपूर्वक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा टीकमगढ़ द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज से संबंधित प्रकरणों में त्वरित समन्वय स्थापित कर बीमा सहायता राशि उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है, जो पुलिस परिवारों के हित में एक सराहनीय प्रयास है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन एवं विशेष प्रयासों से विगत एक वर्ष के दौरान पुलिस सैलरी पैकेज एवं परोपकार निधि के माध्यम से जिले के 07 पुलिस परिवारों को ₹1 करोड़ 70 लाख से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

इसके अतिरिक्त, दिवंगत एवं दिव्यांग पुलिस कर्मियों के आश्रितों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करते हुए विगत वर्ष से अब तक 10 अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान की गई हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक जीवनयापन एवं भावनात्मक संबल प्राप्त हुआ है।

इस अवसर पर एसबीआई मुख्य शाखा टीकमगढ़ के शाखा प्रबंधक श्री धीरेंद्र चौरसिया, मुख्य लिपिक श्री रामाधार त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक श्री महेश साहू सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

👉 “पुलिस परिवार का प्रत्येक सदस्य हमारे लिए अमूल्य है। किसी भी विपरीत परिस्थिति में उसके परिवार के साथ खड़ा रहना केवल हमारा कर्तव्य नहीं, बल्कि हमारी नैतिक एवं मानवीय जिम्मेदारी भी है।” — श्री मनोहर सिंह मंडलोई, पुलिस अधीक्षक, टीकमगढ़

टीकमगढ़ पुलिस

संवेदना • सुरक्षा • सम्मान

जनसेवा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता

keyboard_arrow_up
Skip to content