पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गर्भ से लेकर वृद्धा अवस्था तक प्रत्येक महिला के जीवन के प्रत्येक चरण में सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त बनाना है।

➡️ इसी क्रम में महिला सेल द्वारा शहर के पिछड़े क्षेत्र में परी वर्ग के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छोटी बच्चियों को ‘गुड टच’ एवं ‘बैड टच’ की समझ प्रदान की गई तथा उन्हें आत्मरक्षा के मूलभूत गुर सिखाए गए। उपस्थित बालिकाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वावलंबी एवं आत्मविश्वासी नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला सेल की अधिकारीगणों ने प्रतिभागियों को सुरक्षा के आवश्यक मानकों, महिला हेल्पलाइन नंबरों एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने हेतु प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर महिला सेल से प्रधान आरक्षक रानू विश्वकर्मा एवं महिला आरक्षक मानसी तिवारी सहित स्थानीय क्षेत्र की महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इस प्रकार की गतिविधियों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।

keyboard_arrow_up
Skip to content