टीकमगढ़। समाज को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में एक जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने जिले के समस्त प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से नशे के विभिन्न स्वरूप, उसके सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों तथा उससे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर इसे एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर टीकमगढ़ श्री विवेक श्रोतीय की उपस्थिति में सभी प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से “नशामुक्ति की शपथ” ग्रहण की। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में यह भावना विकसित करना था कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ, समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। प्रशासन ने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की, ताकि टीकमगढ़ जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को और अधिक गति मिल सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content