टीकमगढ़, वर्तमान समय में साइबर अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों का दुरुपयोग कर छात्राओं एवं महिलाओं को प्रेम-जाल में फंसाकर अश्लील फोटो/वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा यौन शोषण जैसे गंभीर अपराध किए जा रहे हैं। इन अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से “सेफ़ क्लिक अभियान 2.0” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने बताया कि साइबर अपराधी पहले सोशल मीडिया, स्कूल, कॉलेज अथवा अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से दोस्ती करते हैं। इसके बाद विश्वास जीतकर महंगे उपहार, लग्जरी लाइफस्टाइल अथवा अन्य प्रलोभन देकर पीड़ितों को अपने जाल में फंसाते हैं। बाद में उनकी निजी एवं आपत्तिजनक फोटो या वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए आर्थिक लाभ, यौन शोषण अथवा अन्य अवैध गतिविधियों के लिए दबाव बनाते हैं।
उन्होंने जिलेवासियों, विशेषकर छात्राओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे निम्न सावधानियां (क्या करें) रखें:-
🔺किसी भी प्रकार की निजी या आपत्तिजनक फोटो/वीडियो मोबाइल में न रखें और न ही किसी के साथ साझा करें।
🔺सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना पूर्ण सत्यापन के मित्रता न करें।
🔺किसी भी प्रकार के लालच, लग्जरी जीवनशैली या नशे के प्रलोभन से दूर रहें।
🔺 ऑनलाइन बने मित्र से एकांत स्थान पर मिलने न जाएं।
🔺 अपनी व्यक्तिगत जानकारी एवं सोशल मीडिया गोपनीयता (Privacy) का विशेष ध्यान रखें।
➡️ यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की साइबर घटना घटित होती है तो बिना घबराए तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। साथ ही एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है। समय पर शिकायत करने से साइबर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई एवं आर्थिक नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।
👉 पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक रहें, अपने परिवार एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — सेफ़ क्लिक अभियान 2.0 के साथ साइबर अपराध मुक्त टीकमगढ़ बनाने में सहयोग करें।”





